धनतेरस सोमवार को है। नगर में लोगों की भीड़भाड़ को देखते हुए मुख्य बाजार में वाहनों के प्रवेश पर पूरी रोक लगा दी गई है। सबसे ज्यादा व्यस्ततम सिमलगैर बाजार को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस बाजार के प्रवेश द्वार पालिका चौक में बैरियर लगा दिया गया है। मुख्य बाजार में किसी प्रकार के वाहन का प्रवेश बंद रहेगा।
ठीक इसी तरह सिल्थाम से गांधी चौक जाने वाली बाजार में भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। मुख्य बाजार में वाहनों का प्रवेश वर्जित होगा। सिल्थाम से गांधी चौक जाने वाले रास्ते में पुलिस का बैरियर आज ही से लगा दिया गया है। यह व्यवस्था दिवाली संपन्न होने तक जारी रहेगी। एसडीएम अनुराग आर्य ने बताया कि बैंक रोड, स्टेशन रोड से वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तरह चलती रहेगी। ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए मोबाइल टीम की भी व्यवस्था रहेगी। शराब पीकर ऊधम काटने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बाजार में मुख्य स्थानों पुलिस का इंतजाम रहेगा। दिवाली मेला की आड़ में किसी को भी अराजकता नहीं करने दी जाएगी। तेज गति से वाहन चलाने वालों का मौके पर ही चालान होगा और जरूरत पड़ने पर वाहन सीज भी किया जाएगा।