लापरवाही-पिथौरागढ़ के देवसिंह खेल मैदान से गुजरता वाहन।
- फोटो : AMAR UJALA
धरमशाला लाइन की सड़क में कंकरीट बिछाने के काम के चलते धरमशाला लाइन और खाद्य गोदाम आने-जाने वाहनों का संचालन देवसिंह खेल मैदान से किया जा रहा है। खेल मैदान से वाहनों का संचालन होने से मैदान की दशा खराब होने लगी है।
नगरपालिका पिछले मंगलवार से धरमशाला लाइन, खाद्य गोदाम को जाने वाली सड़क में कंकरीट बिछाने का काम कर रही है। इस सड़क में पहले टायल बिछे थे। सड़क में चल रहे निर्माण कार्य के कारण धरमशाला लाइन और खाद्य गोदाम को जाने वाले हल्के, भारी और दुपहिया वाहनों का संचालन देवसिंह खेल मैदान से किया जा रहा है। इसके लिए पालिका ने दर्शक दीर्घा की तरफ से चूने की लाइन डाली थी, इसी लाइन के भीतर वाहनों का आवागमन होना था लेकिन वाहन चूने की लाइन से न जाकर निर्माणाधीन पार्किंग की तरफ से चल रहे हैं। भारी वाहनों के मैदान में चलने से मैदान को भारी नुकसान पहुंच रहा है। मैदान में गड्ढे हो गए हैं। वाहन संचालन की देखरेख के लिए कोई कर्मी भी मौके पर तैनात नहीं है।
पालिका के अधिशासी दीपक कुमार से पूछा गया तो उनका कहना था कि खेल मैदान से वाहन चलने की बात उनके संज्ञान में नहीं है। वह मामले को दिखवा रहे हैं, मैदान को क्षति नहीं पहुंचने दी जाएगी।