पिथौरागढ़ प्राधिकरण के विरोध में पुतला दहन करते संयुक्त संघर्ष मोर्चा के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
विकास प्राधिकरण को लेकर बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यशाला का संयुक्त संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। मोर्चा के सभी सदस्य जिला पंचायत हाल से नारेबाजी करते हुए बाहर निकल आए। मोर्चा पदाधिकारियों ने प्राधिकरण के सचिव के सामने कई सवाल उठाए। इसके बाद उन्होंने गांधी चौक में एकत्र होकर पुतला दहन किया।
विकास प्राधिकरण के सचिव श्रीश कुमार से संयुक्त संघर्ष मोर्चा के मुख्य संयोजक मोहन चंद्र भट्ट ने पूछा कि बिना मास्टर प्लान के विकास प्राधिकरण के प्रावधान कैसे लागू होंगे। इसके अलावा जमीन से संबंधित जो 200 मामले लंबित हैं, उनका समाधान किस तरह होगा। जब प्राधिकरण के सचिव की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो सभी सदस्य कार्यशाला का बहिष्कार कर बाहर निकल आए। मुख्य संयोजक भट्ट का कहना है कि जिले के लोगों पर प्राधिकरण के प्रस्ताव थोपना गलत है और इसे लेकर किसी तरह की कार्यशाला या बैठक का आयोजन करना गलत है।
पुतला दहन के समय हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण के लिए बुधवार को हुई कार्यशाला का कोई औचित्य नहीं है। इस कार्यशाला में लिए जाने वाले निर्णयों को लोग स्वीकार नहीं करेंगे। इस दौरान पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, एडवोकेट अजय बोहरा, बहादुर चंद, निर्मल चौधरी, दिनेश पंत, जनमंच के संयोजक भगवान रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, दिनेश कापड़ी, सभासद केदार लुंठी आदि मौजूद थे।