नाचनी के वन पंचायत क्वीटी, रौतगांव, मजियाडाना, बमनगांव के वन शनिवार से जल रहे हैं। ग्रामीण कड़ी मशक्कत करने के बाद भी आग पर काबू नहीं पा सके। रविवार को क्वीटी की ग्राम प्रधान नीमा द्विवेदी, बमनगांव के प्रधान नवीन द्विवेदी, ग्राम विकास अधिकारी दुर्गा राम, राजस्व उपनिरीक्षक दीन दयाल वर्मा, भाष्करानंद द्विवेदी, बसंत बल्लभ द्विवेदी समेत क्षेत्र के 50 लोग आग पर नियंत्रण पाने के लिए सुबह से ही आग बुझाने के काम में जुटे हुए हैं, लेकिन पूरी सफलता नहीं मिल पाई।
लोग बमनगांव का मात्र एक हेक्टेयर वन ही आग के चंगुल से बचा पाए। 10 हेक्टेयर वन जल गया। उधर, गणाईगंगोली के सिरमोली, सिमल्ता, भेकुड़ी, जौटा के जंगलों में भी आग लगी हुई है। गंगोलीहाट के बेल, भेरंग, राम मंदिर क्षेत्र के जंगलों में आग लगी हुई है।
जंगल की आग से पाइप जले, पानी का संकट
नाचनी। ग्राम पंचायत कोटयूड़ा के गोकुलधूरा, भंगराड़ी में आग लगने से पानी के स्रोत से लगाए गए प्लास्टिक के पाइप जल गए हैं, जिस कारण दोनों तोकों के 30 परिवार पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रत्येक परिवार से 6-6 हजार रुपये अंशदान जमा कर 600 मीटर प्लास्टिक पाइप जोड़कर पानी चालू किया था। लोगों को पानी के लिए स्रोत तक जाना पड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बथ्याल, क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश सिंह बथ्याल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
मनरेगा कर्मी बुझाएंगे आग
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने वनों की आग बुझाने में मनरेगा के जॉबकार्ड धारकों को लगाने के आदेश सभी खंड विकास अधिकारियों को दिए हैं। डीएम ने कहा कि जंगलों की आग बुझाने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वनाग्नि नियंत्रण में आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ का सहयोग लिया जा रहा है। डीएम ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को वनाग्नि पर कड़ी नजर रखने, तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को देने, अफवाह फैलाने और वनों में आग लगाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों और आम जनता से आग बुझाने में सहयोग देने की अपील की है। डीएम ने आग की घटनाओं की सूचना वन विभाग के कंट्रोल रूम के नंबर 05964-225234, पुलिस नियंत्रण कक्ष 05964-226651, आपदा प्रबंधन विभाग के फोन नंबर 05964-228050, 226326 पर देने की अपील की है।
लोगों को किया जागरूक
अस्कोट। वन रेंजर केआर टम्टा, प्रधान नवीन सिंह परिहार की मौजूदगी में बरम में हुई गोष्ठी में लोगों से वनों को आग से बचाने में सहयोग की अपील की गई। जंगलों के जलने से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को बताया। वन दरोगा मान सिंह ग्वाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू देवी, प्रधान गोविंदी देवी, राधा देवी, हयात सिंह परिहार, गोविंद कुमार, गंगा सिंह धामी आदि मौजूद थे।