पिथौरागढ़। कांटेगांव, सेरी, विनायक, भटियानी, मेल्टी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को राज्य आंदोलनकारी जगत सिंह मेहता के नेतृत्व में ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर डीएम रीना जोशी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2006 में कांटेगांव, सेरी, विनायक, भटियानी, मेल्टी मंदिर तक करीब 20 किमी लंबी सड़क स्वीकृत हुई थी। इसमें से 10 किमी सड़क को वित्तीय स्वीकृति मिली। लोनिवि ने आठ किमी सड़क की निविदा लगाकर सड़क कटिंग का कार्य पूरा कर लिया जिसमें अभी तक डामरीकरण नहीं किया गया है।
इसके अलावा शेष दो किमी सड़क कटिंग का कार्य नहीं किया गया है। लंबे समय से ग्रामीण बचा हुआ सड़क निर्माण का कार्य पूरा करने की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। उन्होंने शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में प्रेम सिंह, अर्जुन सिंह, बसंत सिंह,आनंद सिंह, मनोहर सिंह, प्रह्लाद सिंह, हरी सिंह, किशन सिंह, कुंडल सिंह, बलवीर सिंह, चंचल सिंह, प्रकाश सिंह, दिवान सिंह, पूरन मेहता, विक्रम सिंह मेहता आदि ग्रामीण मौजूद रहे।