गणाई गंगोली में बीएसएनएल के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : पिथौरागढ़
बीएसएनएल के उदासीन रवैये से नाराज लोगों ने एक्सचेंज के बाहर प्रदर्शन कर विरोध जताया। आक्रोशित लोगों ने कार्यालय में तालाबंदी करते हुए कहा कि यदि शीघ्र ब्रॉड बैंड सेवा चालू नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
लोगों का कहना था कि क्षेत्र की 40 हजार की आबादी को ब्रॉड बैंड सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 12 फरवरी से पोस्ट आफिस, ट्रेजरी, स्टेट बैंक, जिला सहकारी बैंक, पशु चिकित्सालय, डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, राइंका, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्र, बीज भंडार आदि जगहों पर लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील में किसान सम्मान योजना के तहत फॉर्म ऑनलाइन नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना था कि ग्रामीण रोज 20-25 किलोमीटर दूर से गणाई पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में हेमवती नंदन कोठारी, चंदन बानी, प्रकाश पांडेय, नरेंद्र रावत, आनंद सिंह बोरा, भूपाल सिंह, रमेश सिंह, कुलदीप सिंह, किशन सिंह, जोग सिंह, किशन राम आदि शामिल रहे।