दोबांसमें शिक्षकों की नियुक्ति के लिए प्रदर्शन करते क्षेत्रवासी।
- फोटो : पिथौरागढ़
राजकीय इंटर कॉलेज दोबांस में शिक्षकों के रिक्त पद भरने को लेकर ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि रिक्त पद नहीं भरने से उनके बच्चों का भविष्य अंधकारमय होते जा रहा है। बाद में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
ग्रामीणों का कहना था कि राइंका दोबांस जिला मुख्यालय से 40 किमी की दूरी पर है। विद्यालय में करीब 20 गांवों के छात्र-छात्राएं पांच से 10 किमी की पैदल दूरी तय कर अध्ययन के लिए आते हैं।
विद्यालय में विगत पांच वर्षों से विज्ञान और कला वर्ग के शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई है। बताया कि विद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान के पद रिक्त हैं। शिक्षकों के रिक्त पद नहीं भरे जाने से गांवों से लगातार पलायन बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मूनाकोट खीमराज जोशी, क्षेत्रपं सदस्य डौली जोशी, मनोज पांडेय, गोपाल पांडेय, गणेश पांडेय, शेखर, पदम सिंह, प्रकाश, गणेश दत्त जोशी, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।