पिथौरागढ़। बिजली बिलों के साथ सिक्योरिटी के नाम पर ली जा रही राशि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर यूपीसीएल के ईई कार्यालय में ज्ञापन भी चस्पा किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में कांग्रेसी शनिवार यूपीसीएल कार्यालय में एकत्र हुए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। कार्यालय में सक्षम अधिकारी के उपस्थित नहीं होने पर कांग्रेसियों ने ईई कार्यालय के पास ज्ञापन चस्पा किया। पूर्व जिलाध्यक्ष पंत ने कहा कि नियामक बोर्ड की ओर से सिक्योरिटी के नाम पर बेवजह धन वसूला जा रहा है जो गलत है। इस समय सबसे बुरी स्थिति आम आदमी और व्यवसायियों की है। सरकार इस पर मरहम लगाने के बजाए स्थिति और खराब कर रही है।
समर्थन में पहुंचे छात्रसंघ महासचिव अनिल खाती ने सरकार से जनहित में इसे वापस लेने की मांग की। कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष निशीद उप्रेती, नितेश कुमार, पूर्व नगराध्यक्ष पवन पाटनी ने भी ने विचार रखे। प्रदर्शन करने वालों में उमेश जोशी, जीत शर्मा, गौरव खड़ायत, पवन भट्ट, निखिल जोशी, रोहित कुमार, सौरभ सौन, लक्षित नेगी आदि शामिल थे।
जनता से न लिया जाए अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज
पिथौरागढ़। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने सरकार से बिजली बिलों में अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज नहीं लेने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष और सभासदों ने डीएम रीना जोशी के माध्यम से सीएम पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। कहा कि यूपीसीएल बिजली बिलों के साथ-साथ अतिरिक्त सिक्योरिटी चार्ज ले रहा है। यह जनता के ऊपर थोपा गया कर साबित हो रहा है। कनेक्शन देने समय ही यूपीसीएल सिक्योरिटी चार्ज लेता है। कोरोना काल से जनता आर्थिक रूप में कमजोर हो चुकी है। आरोप लगाया कि विभाग सिक्योरिटी चार्ज लेकर जनता का उत्पीड़न कर रहा है। इस दौरान सभासद नीरज कुमार, विजेंद्र सिंह महर, सरस्वती मखौलिया, भावना नगरकोटी, रवींद्र सिंह बिष्ट, कमल कुमार पांडेय, किशन खड़ायत, पूर्व सभासद चंद्रशेखर मखौलिया मौजूद थे।