अवैध खनन के खिलाफ थल में प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
मानसून काल में प्रशासन ने हर प्रकार के खनन कार्य पर रोक लगाई है, लेकिन थल के लोग रात के समय रामगंगा से लगातार अवैध खनन होने से खासे परेशान हैं। मंगलवार को लोगों ने पुलिस और तहसील प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बताया कि रात दस से सुबह पांच बजे तक रामगंगा से अवैध खनन सामग्री लाने वाले वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। रातभर वाहनों के चलने से सड़क किनारे रहने वाले परेशान रहते हैं। साथ ही रामगंगा घाट तक जाने वाली सड़क की हालत खनन माफिया ने खराब कर दी है।
समाजसेवी दामोदर भट्ट के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने कहा कि रात में पुलिस की गश्त रहती है, लेकिन उनकी नजर खनन माफिया पर नहीं पड़ती है। इस मामले को लोगों ने जिलाधिकारी के सामने उठाने का फैसला लिया है। लोगों का यह भी कहना है कि रामगंगा से अवैध खनन किसी भी सीजन में नहीं रुकता। चोरी छिपे माफिया आसानी से अपने काम को अंजाम देते रहते हैं। प्रदर्शन में गणेश दत्त भट्ट, सुभाष भट्ट, गोविंद रावत, संतोष कुमार, गोविंद राम आदि थे। थल बाजार के लोग भी अवैध रूप से हो रहे खनन से खासे परेशान हैं।