पिथौरागढ़ में सीएमओ कार्यालय के आगे प्रदर्शन करती आशा फैसिलेटर
- फोटो : अमर उजाला
आशा फैसिलेटेटरों ने वर्ष 2017 के तीन महीने का मानदेय नहीं मिलने के खिलाफ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम और मुख्य चिकित्साधिकारी से मानदेय का भुगतान कराने की मांग की।
आशा फैसिलेटेटर संगठन की प्रदेश अध्यक्ष दीपा पाठक के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने पहले प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम सी रविशंकर और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ऊषा गुंज्याल से मिले। कहा कि उन्हें जून, जुलाई, अगस्त 2017 का मानदेय नहीं मिला है। वह जिले से लेकर राज्य स्तर तक मानदेय का मामला उठा चुके हैं, लेकिन अवशेष मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है।
संगठन की प्रांतीय अध्यक्ष पाठक ने कहा कि उन लोगों को 20 दौरों के हिसाब से मानदेय का भुगतान किया जाता है, लिहाजा उनका मानदेय रोकने का कोई औचित्य नहीं बनता। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष ललिता बोरा, उपाध्यक्ष बसंती खैर, महासचिव दीपा लस्पाल, गीता महर, प्रभा जोशी, पुष्पा बिष्ट, सुनीता पांडे आदि शामिल थीं।