पिथौरागढ़। जिले के बलुवाकोट में काली नदी के किनारे बने सुरक्षा तटबंधों के पास अवैध खनन रोकने की मांग पर क्षेत्र के लोगों ने एसडीएम आशीष जोशी को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से तटबंधों के साथ ही बलुवाकोट बाजार क्षेत्र को भी नुकसान हो सकता है।
क्षेत्र के जीवन सिंह सोनाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलुवाकोट सुरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ज्ञापन देते हुए लोगों ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से काली नदी के कटाव से बचाने के लिए बनाए गए सुरक्षा तटबंधों के समीप अवैध रूप से अंधाधुंध खनन किया जा रहा है। जगह-जगह तटबंधों की नींव को भी खोदा जा रहा है जिससे इनके ढहने का खतरा बढ़ गया है।
अवैध खनन इसी तरह जारी रहने पर बलुवाकोट बाजार को भी खतरा पैदा होने की आशंका है। उन्होंने एसडीएम से मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसडीएम ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। संवाद