पिथौरागढ़। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील पिथौरागढ़ जिले में एसडीआरएफ के तैराकों और गोताखोरों को तैनात करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन दिया।
शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष अभिषेक बोहरा के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां डीएम रीना जोशी को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिला आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील जिला है। वर्षाकाल में यहां अतिवृष्टि, बादल फटने आदि घटनाओं के होने के कारण नदियों को गाड़ गधेरों का जल स्तर बढ़ जाता है। जिसमें लोगों के बहकर डूबने की आशंका रहती है। बीते दिनों निर्माणाधीन थरकोट झील में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। तब 150 किमी दूर टनकपुर से एसडीआरएफ के तैराकों को बुलाना पड़ा। ज्ञापन देने वालों में जिला महासचिव चंचल बोरा,कमलेश कठायत मौजूद रहे।