पिथौरागढ़। जोहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति के नेतृत्व में वनराजियों ने डीएम से मुलाकात कर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि वनराजि शिक्षा, सड़क, आवास, स्वास्थ्य और बेरोजगारी से परेशान हैं।
सोमवार को डीडीहाट और कनालीछीना विकासखंड के वनराजि जोहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष पूजा जंगपांगी के नेतृत्व में डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार वनराजियों को मुख्यधारा से जोड़ने की बात करती है लेकिन आज भी वनराजि परिवार शिक्षा, सड़क, आवास, स्वास्थ्य, कुपोषण और बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। कहा कि संस्था ने वनराजि गांव कूटा चौरानी और फुलतड़ी का भ्रमण किया। वनराजि जनजाति के पुरुषों और महिलाएं दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं।
यातायात की सुविधा नहीं है। इस कारण महिलाओं को प्रसव के दौरान तमाम समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध नहीं होने से कुपोषण का शिकार होना पड़ रहा है। वनराजि गांव जमतड़ी, मदनपुरी, कूटा, चौरानी, फुलतड़ी और गुना गांव जाने के लिए सात से आठ किमी पैदल चलना पड़ता है। वहां वनराजि महिला परूली देवी, संस्था के पूरन सिंह टोलिया सहित कई लोग मौजूद रहे।