टनकपुर (चंपावत)। किरौड़ा नाले से प्रभावित घसियारामंडी और बोरागोठ के लोगों ने सीएम कैंप कार्यालय पहुंचकर बाढ़ से बचाव की गुहार लगाई। उन्होंने किरौड़ा पुल के नीचे नाले में 700 मीटर वायरक्रेट लसाने की मांग की।
सोमवार को नायकगोठ प्रधान कंचन देवी, नगर पालिका के वार्ड नौ सभासद बबीता वर्मा, पूर्व सभासद योगेश पांडेय के नेतृत्व में सीएम कैंप कार्यालय के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि बोरागोठ और घसियारामंडी में बारिश के समय किरौड़ा नाले का पानी गांव और वार्ड के घरों में तबाही मचा रहा है। पिछले वर्षों में लाखों का नुकसान हो चुका है। वर्ष 2020 से किरौड़ा नाले के नीचे क्षेत्र में सीसी ब्लाॅक, सीसी बंधा निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन अभी तक बाढ़ सुरक्षा के कार्य शुरू नहींं हुए हैं।
पहाड़ में हुई बारिश के बाद आए मलबा और बोल्डरों से नाला गांव की ओर डायवर्ट हो गया है। किरौड़ा पुल के नीचे के पूर्व मार्ग में अत्यधिक पत्थर, बोल्डर, आरबीएम जमा हो गया है। प्रति वर्ष सिंचाई विभाग की ओर से पुल के नीचे के क्षेत्र में अस्थाई चैनेलाइजेशन का कार्य किया जाता है जो बारिश में बह जाता है। उन्होंने तत्काल बाढ़ सुरक्षा कार्य कराने पर जोर दिया। ज्ञापन देने वालों में संजय पाठक, किशन लाल,अनिल कुमार आदि भी शामिल हैं।