पिथौरागढ़। कांटेगांव-मेल्टी मंदिर सड़क निर्माण का कार्य पूरा करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने 28 फरवरी तक मांग पूरी न होने पर एक मार्च से कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना, प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति के जिलाध्यक्ष जगत सिंह मेहता के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को ग्रामीण कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। उन्होंने यहां शासन-प्रशासन और लोनिवि के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कांटेगांव, शेरी, विनायक, भटियानी, मेल्टी मंदिर सड़क को वर्ष 2006 में स्वीकृति मिली। विभाग ने मात्र आठ किमी सड़क की निविदा लगाकर सड़क कटिंग का कार्य किया है, जबकि सड़क निर्माण के लिए 10 किमी लंबी सड़क की वित्तीय स्वीकृति मिली थी। उन्होंने शीघ्र दो किमी सड़क निर्माण की निविदा लगाकर सड़क कटिंग, डामरीकरण की मांग की। उन्होंने गुरना, गोगिना, बेड़ा हिमतड़, सल्ला चिंगरी सड़क में चौड़ीकरण, डामरीकरण करने, पिथौरागढ़-टनकपुर तवाघाट सड़क में तप्पड़ से गोगिना तक स्वीकृत सड़क का निर्माण करने, बड़ाबे, ज्ञालपानी से चौबाट होकर मेल्टी मंदिर तक सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने 28 फरवरी तक मांग पूरी न होने पर एक मार्च से बेमियादी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस दौरान पूरन सिंह मेहता, दिनेश सिंह मेहता, नारायण सिंह मेहता, मनोज सिंह भंडारी, मदन पोखरिया, बीडी कोहली, आनंद सिंह सौन, चंचल सिंह मेहता आदि रहे।