धारचूला में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
दारमा और व्यास घाटी के लोगों ने हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वित्त मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा है कि खस्ताहाल पैदल मार्ग के कारण उत्त हिमालयी क्षेत्र के लोग अपने गांवों को नहीं जा पा रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य मंजुला बुदियाल के नेतृत्व में लोगों ने एसडीएम आरके पांडेय के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि खस्ताहाल पैदल मार्ग के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा भी हेलीकॉप्टर से कराई जा रही है। पैदल रास्ते चलने लायक नहीं रह गए हैं। ऐसे में क्षेत्र की गरीब जनता को भी हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कहा है कि जुलाई माह से दारमा और व्यास क्षेत्र में पूजा-पाठ होगी। बूंदी गांव में 12 वर्ष बाद किरजी महाकुम्भ का आयोजन होना है। इसलिए एक जुलाई से 30 सितंबर तक हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराना अति आवश्यक है। कहा है कि सड़क निर्माण का मलबा पैदल मार्ग के ऊपर रुका होने से बरसात में किसी भी समय कोई भी बड़ी घटना होने की आशंका है। पूर्व में भी ऐसी घटना होने के कारण कई स्थानीय नागरिक और सेना के जवान अपनी जान गवां चुके हैं।
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष और प्रभारी मंत्री के प्रतिनिधि महेंद्र बुदियाल ने इस मामले में वित्त मंत्री प्रकाश पंत से फोन पर बात कर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया। बुदियाल ने बताया कि वह इस मामले में 27 जून को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत से देहरादून में मुलाकात करेंगे। ज्ञापन देने वालों में व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, ग्राम प्रधान जसपाल सिंह, ग्राम प्रधान हरीश रौंकली, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशोदा देवी, विजय गर्ब्याल, प्रद्युम्न गर्ब्याल आदि शामिल थे