एसडीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करते दरांती के ग्रामीण।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। आपदा में ध्वस्त दो मंजिला मकान का मुआवजा नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया के नेतृत्व में दरांती गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि दरांती गांव में 18 जून को आई आपदा में देवकी देवी और भूपाल राम का दोमंजिला मकान आपदा से ध्वस्त हो गया था, तब से वह परिवार के साथ पड़ोसी के घर में किराए में रह रहे हैं।
पांच माह से प्रभावित परिवार मुआवजा के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया है। कुमाऊं आयुक्त ने भ्रमण के दौरान आपदा प्रभावित परिवार को मुआवजा देने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है। इस मौके पर प्रधान लवराज राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेश भाकुनी, मल्ला जोहार विकास समिति के अध्यक्ष राम सिंह धर्मसक्त्तू, कमला बरफाल, सीता देवी ,पुष्पा देवी, इंद्रा देवी,गरिमा, नीमा देवी, राजेंद्र दास्पा मौजूद रहे।