बेड़ीनाग लोनिवि कार्यालय में प्रदर्शन करते लोग। संवाद
बेड़ीनाग(पिथौरागढ़)। पौसा पोस्ताला, चंतोला, नरगोली और औलानी के ग्रामीणों ने डामरीकरण की मांग के लिए लोनिवि कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र डामरीकरण नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को ग्रामीण नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत के नेतृत्व में लोनिवि कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर ईई राकेश नैथानी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2003-04 में बेड़ीनाग से पौसा पोस्ताला, चंतोला, नरगोली और औलानी में सड़क का निर्माण किया गया था। 20 वर्ष बाद भी सिर्फ तीन किमी सड़क पर ही डामरीकरण किया गया है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। उन्होंने शीघ्र डामरीकरण नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में इंद्र सिंह, हयात सिंह डसीला, प्रमोद उप्रेती, दीपक राठौर, मदन मोहन सिंह, त्रिलोक सिंह, भाष्कर कुमार आदि मौजूद रहे।
कोट
सड़क पर डामर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। आपत्तियां लगने के बाद प्रस्ताव वापस आ गया है। जल्द ही आपत्तियों को दूर कर शासन को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर डामरीकरण किया जाएगा। - राकेश नैथानी, ईई लोनिवि बेड़ीनाग।
घंटाकरण तिराहे पर सड़क ठीक करने की मांग
पिथौरागढ़। खड़कोट वार्ड के सभासद किशन खड़ायत ने घंटाकरण तिराहा क्षेत्र में सड़क की मरम्मत की मांग करते हुए लोनिवि के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौपा। उन्होंने कहा कि घंटाकरण तिराहे पर लंबे समय से सड़क खराब है जिस कारण दुर्घटना होने का डर बना रहता है। इस स्थान से जीजीजीआईसी समेत अन्य स्कूलों के बच्चे भी आवाजाही करते हैं। यहां पर स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहनों की रफ्तार अक्सर तेज रहती है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता उन्होंने समस्या का समाधान करने की मांग की है। संवाद