पिथौरागढ़ में जुलूस निकालते डिग्री कॉलेज के छात्र
- फोटो : अमर उजाला
सुधार परीक्षा का शुल्क बढ़ाने से भड़के एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों ने सोमवार को डीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। इससे पहले उन्होंने कॉलेज में प्रदर्शन भी किया। इस बार कुमाऊं विश्वविद्यालय से सुधार परीक्षा का प्रति विषय शुल्क 340 रुपये कर दिया है।
इसे छात्रों पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए मांग की कि शीघ्र शुल्क वापस लिया जाए। पिछले वर्ष तक सुधार परीक्षा का प्रति विषय शुल्क मात्र 150 रुपये था। छात्रों ने सेमेस्टर परीक्षा की तिथि को लेकर भी आक्रोश जताया। कहा कि सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन सितंबर से किया गया, लेकिन परीक्षा की तिथि दिसंबर में तय कर दी गई है। तीन महीने के भीतर किसी सेमेस्टर की परीक्षाएं कराना न्यायोचित नहीं है। छात्र सेमेस्टर परीक्षाओं को फरवरी में कराने की मांग कर रहे हैं।
छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र रावत के नेतृत्व में छात्रों ने जिलाधिकारी सी रविशंकर से बात की और इस मामले का शीघ्र समाधान निकालने का आग्रह किया। डीएम ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में कुलपति से बात करेंगे। छात्रों ने कहा कि यदि समस्या हल नहीं हुई तो छात्र आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन में छात्रसंघ महासचिव निर्मल भट्ट, अभिषेक बोहरा, छात्रनेता जगदीश धामी आदि थे। उधर, कॉलेज के प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि छात्रों के असंतोष की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है।