जै हो नंदा देवी तेरी जै बोला, माता भगवती तेरी जै बोला... के उद्घोष के साथ क्षेत्र में नंदा महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हो गया है। छह सितंबर तक नगर का माहौल पूरी तरह मां नंदामय रहेगा।
रामलीला मैदान में बुधवार को विधायक विशन सिंह चुफाल, पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर मां नंदा महोत्सव का शुभारंभ किया। महिलाओं ने शगुन-आंखर गाए। मलयनाथ कला मंच के नेतृत्व में महिलाओं ने रंगीला-पिछोड़ा ओड़कर भव्य कलश यात्रा निकाली। जीजीआईसी के छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण की झांकी, सूर्य मांटेसरी और जीआईसी के बच्चों ने नंदा राजजात यात्रा, अभिलाषा एकेडमी ने गणेश उत्सव, एशियन एकेडमी ने गढ़वाली जागर, शिखर इंटर कॉलेज ने अखंडता में एकता, ग्लोरियल स्कूल ने महाकाली, वेदा ने नंदा डोला, आरएन नारायणनगर ने नया हिन्दुस्तान, विद्या सागर स्कूल के बच्चों ने छलिया नृत्य और जोहार संगीत शोध समिति के कलाकारों ने जोहारी संस्कृति के दर्शन कराए।
कलश यात्रा और झांकी नगर में घूमकर वापस रामलीला मैदान पहुंची। शिव-पार्वती नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा। रात में भजन-कीर्तन, झोड़ा-चांचरी, भगनौल आदि का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष डीएस पांगती, सचिव संजू पंत, नंदा देवी मंदिर के पुजारी जोगा सिंह नित्वाल, संरक्षक पुष्कर पांगती, नरेंद्र टोलिया, मनोज साह, लोकेश भड़, दुर्गा खड़ायत, अजीत डसीला, धर्मेंद्र टोलिया, ओपी वर्मा, प्रकाश बोरा, गणेश बोरा, कुशल कन्याल, बासू रावत, दीपेश जंगपांगी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
नौलिंग देवता मंदिर में लगा मेला
गणाई/मुवानी। क्षेत्र के नौलिंग देवता मंदिर पोखरी गोलचौरा में भव्य मेला आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंच परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की। मंदिर में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। श्रद्धालुुओं ने मंदिर में हवन भी किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मेले में खरीदारी भी की। इस मौके पर कुंवर सिंह बोरा, आनंद बोरा, सर्वजीत सिंह, महेश बोरा, रमेश सिंह, भगवान सिंह बोरा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इधर मुवानी के नाग मंदिर में भी मेले का आयोजन किया। मुख्य बाजार से मेला स्थल तक झांकी निकाली गई। हिरन-चित्तल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने चांचरी गाई और पुरुषों ने खेल लगाए। इस मौके पर जगत सिंह मेहता, कमलदीप बिष्ट, शिवराज सैलोनी, कमल मनौला, हंस पाल, कृष्ण कुमार शर्मा, संजय वर्मा, अमित मंगला, कपिल बोरा समेत कई लोग मौजूद रहे।