फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चार साल से सड़क पर पड़ा है मलबा

Wed, 29 Mar 2017 10:47 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, झूलाघाट
विज्ञापन
झूलाघाट-पिथौरागढ़ रोड के किनारे चार साल से डंप मलबा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
झूलाघाट-पिथौरागढ़ सड़क के सुधारीकरण में करोड़ों रुपये खर्च करने वाले लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। लोनिवि ने झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर वर्ष 2013 की आपदा के समय आए मलबे को अब तक नहीं हटाया है। चार साल बाद भी यह मलबा अपनी जगह पर पड़ा है। सड़क पर बने गड्ढों को और कॉजवे से बाहर निकल आई सरिया को ढकने के लिए अब लोनिवि डामर की जगह मिट्टी का प्रयोग करने लगा है।
विज्ञापन


नेपाल सीमा को जोड़ने वाली अंतरराष्ट्रीय महत्व की झूलाघाट-पिथौरागढ़ सड़क पर हुए घपले और इस सड़क की दुर्दशा को लेकर क्षेत्र के लोग कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। क्षेत्र के लोगों को आशा है कि प्रदेश में बनी नई सरकार सीमा के अंतिम छोर तक जाने वाली सड़क की हो रही उपेक्षा पर जरूर कार्रवाई करेगी। वर्ष 2011 में एडीबी के मद से 25 करोड़ की लागत से बनी सड़क का निर्माण करने वाली गंगोत्री इंटरप्राइजेज काम को अधूरा छोड़कर भाग गई। सड़क निर्माण का काम देख रही एडीबी विंग ने कंपनी की सारी पेमेंट तक रोक दी थी। तब से अब तक सड़क पर एक दर्जन कॉजवे अधूरे हैं। कई स्थानों पर डामर भी नहीं हुआ है। 2 वर्ष पहले सड़क लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुई है।

2013 से अब तक प्रत्येक वर्ष होने वाली बारिश से दर्जनों स्थानों पर आए मलबे को नहीं हटाया गया है। नालियां मलबे से भरी पड़ी हैं। विभाग के अधिकारी सड़क की दुर्दशा को देखने तक नहीं जाते। सड़क पर पड़े मलबे को हटाने के लिए तैनात की गई लेबर कभी काम करते नहीं दिखाई देती। कई स्थानों पर दुर्घटना को रोकने के लिए बनाए गए डिवाइडर टूट चुके हैं। पहाड़ी से आए मलबे के न हटने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। इस कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। 2015 में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के झूलाघाट दौरे के समय सड़क पर हुए काम की जांच के आदेश भी हुए। लोगों को आशंका है कि जांच में भी सही तथ्य सरकार को नहीं भेजे गए। इस कारण सड़क पर काम होते नहीं दिखाई दे रहा है। दो दर्जन ग्राम पंचायतों और कई कस्बों को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क से भारत और नेपाल के लोग यात्रा करते रहते हैं। बावजूद इसके इस सड़क को देखने वाला कोई नहीं है।
विज्ञापन


सड़क के किनारे से तत्काल हटेगा मलबा
लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन जोशी का कहना है कि सड़क किनारे से मलबा हटाने के लिए जल्द ही मजदूर भेजे जा रहे हैं। एक सप्ताह में सारा मलबा हटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क की देखरेख के लिए अब लगातार मजदूर तैनात किए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें