पूर्णागिरि (चंपावत)। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर हनुमान चट्टी के पास भारी भूस्खलन के कारण सोमवार सुबह करीब ढाई घंटे तक आवाजाही ठप रही। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने से कई वाहन और पूर्णागिरि दर्शन को जा रहे श्रद्धालु बीच रास्ते में ही फंस गए। लोक निर्माण विभाग की टीम की ओर से तत्परता दिखाते हुए मलबा साफ किया गया, जिसके बाद यातायात दोबारा शुरू हो सका।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 6:30 बजे हनुमान चट्टी के पास पहाड़ से भारी मलबा सड़क आ गया था, इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। सूचना मिलने के बाद जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। सुबह करीब नौ बजे मलba हटाकर यातायात सुचारू किया गया। मलबा आने के कारण पूर्णागिरि क्षेत्र से टनकपुर को आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। ढाई घंटे बाद जब मार्ग खुला तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।