डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर के जीआईसी वार्ड में रविवार सुबह बारिश के कारण एक मकान की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते दिवानी राम के मकान की पिछली दीवार गिरी। दीवार का मलबा मकान के अंदर घुस गया जिससे घर में रखा सामान दब गया। सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को रैन बसेरे में पहुंचाया। वहीं, सुभाष वार्ड में हरीश जोशी के मकान के नीचे का रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। एसडीएम ने सभी राजस्व कर्मचारियों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।