मुवानी(पिथौरागढ़)। मौसम की मार सीमांत क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। सातशिलिंग-थल सड़क पर आए मलबे में डंपर फंसने के कारण लगे जाम ने एंबुलेंस की राह रोक दी।तीन घंटे तक बीमार बुजुर्ग महिला वाहन के भीतर तड़पती रहीं। जब मामला डीएम हेल्प डेस्क पहुंचा, तब लोनिवि ने मार्ग खुलवाकर आवाजाही सुचारू करवाई और बीमार महिला अस्पताल पहुंच सकी।
थल और मुवानी के बीच एसएच पर भंडारीगांव के पास कॉजवे का निर्माण चल रहा है। खोदाई से सड़क संकरी हो चुकी है। सड़क पर फैला मलबा बारिश के बाद कीचड़ में तब्दील हो चुका है। दोपहर को मलबे में डंपर फंस गया इससे सड़क जाम हो गई। दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए। इसी दौरान भयानक पेट दर्द से जूझते हुई नाली विनायक निवासी गोदावरी देवी को लेकर एंबुलेंस वहां पहुंची। सड़क जाम होने से एंबुलेंस के पहिए थम गए। एक तरफ गोदावरी देवी दर्द से तड़पती रही दूसरी तरफ वाहनों की कतार लंबी होने से जाम बढ़ता गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब लोनिवि ने गंभीरता नहीं दिखाई तो परिजनों और अन्य लोगों ने डीएम हेल्प लाइन नंबर पर मामला साझा किया। जब जिला मुख्यालय से जल्द सड़क खोलने के आदेश जारी हुए तब लोनिवि हरकत में आया। विभाग ने बमुश्किल मलबे में फंसे डंपर को हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई।
जाम नहीं खुला तो पैदल ही चल दिए विद्यार्थी
भंडारीगांव के पास सड़क जाम होने का असर स्कूल बस पर भी पड़ा। रोजाना थल-मुवानी के बीच आवाजाही करने वाली स्कूल बस भी फंस गई। बस में बैठे विद्यार्थी सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। काफी देर तक भी हालात नहीं बदलने तो छात्र-छात्राओं ने पैदल ही घर की दूरी नापनी शुरू कर दी।
मानसूनकाल में भी बदहाल सड़क बन रही है मुसीबत
पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सातशिलिंग-थल सड़क पर मानसूनकाल में निर्माण कार्य किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। कॉजवे निर्माण के साथ ही कई जगह सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह जमा मलबा और बड़े-बड़े गड्ढों के बीच जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है। लोगों ने कहा कि मानसूनकाल से पूर्व के दौरान सड़कों को दुरुस्त रखने की बजाय बदहाली बढ़ा दी गई है।
..................
सातशिलिंग-थल सड़क पर मलबे को हटाकर गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया है। डंपर फंसने से दिक्कत आई। मानसूनकाल में डामरीकरण के अलावा अन्य कार्य किए जा रहे हैं। जल्द सड़क ठीक कर दी जाएगी।
-दिनेश मोहन गुप्ता, ईई, लोनिवि, पिथौरागढ़