पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के कारण गंगोलीहाट क्षेत्र की एक महिला की मौत हो गई। सीएचसी गंगोलीहाट के चिकित्सकों ने बीमार महिला को जिला अस्पताल रेफर किया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इससे नाराज परिजनों ने रेफर करने में देरी का आरोप लगाया।
ग्राम धराड़ी पव्वाधार निवासी जीवन राम की पत्नी पूजा देवी (28) की तबियत 16 अगस्त को खराब हो गई थी। उपचार के लिए जीवन पूजा को सीएचसी गंगोलीहाट लाए। वहां मिले स्टाफ ने कुछ इंजेक्शन लगाकर उन्हें घर भेज दिया। अगले दिन 17 अगस्त को अधिक तबियत खराब होने पर महिला को फिर से सीएचसी लाया गया। वहां पूजा को एक रात अस्पताल में भर्ती करने के बाद 18 अगस्त की शाम चार बजे पिथौरागढ़ रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान तीसरे दिन पूजा की मौत हो गई।
पति जीवन ने सीएचसी गंगोलीहाट के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि अगर स्टाफ ने समय रहते रेफर किया होता तो पत्नी बच जाती। उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधन पर भी पत्नी का शव घर तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस न देने का आरोप लगाया। बाद में हंस फाउंडेशन के राजेंद्र चिलकोटी ने शव को घर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराई। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने बताया कि सीएमओ ने जांच का आश्वासन दिया है। डीएम से भी शिकायत की जाएगी।
मामला गंभीर है। इसलिए मामले में मौखिक जानकारी ली गई है। मृतका की बीमारी की सभी जांच रिपोर्ट मांगी जाएगी। पूरी जांच के बाद दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी, सीएमओ, पिथौरागढ़।