बेड़ीनाग(पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट से बरात में शामिल होने अपने ननिहाल आई 12 वर्षीय बालिका की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालिका की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गंगोलीहाट कोठेरा गांव के रमेश राम की पुत्री भावना अपने ननिहाल चनकाना गांव में पदी राम के पुत्र सूरज की शादी में शामिल होने आई थी। सात दिसंबर को सूरज की बारात पिथौरागढ़ गई थी। आठ दिसंबर को गांव में शादी की पार्टी थी। पार्टी के बाद नौ दिसंबर को अचानक भावना को बुखार आने लगा। इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ गई । 10 दिसंबर सुबह के समय भावना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ीनाग में लाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया की बालिका को स्वास्थ्य केंद्र लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर सुनते ही ननिहाल में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बालिका की मां सहित अन्य परिजन रोते बिलखते स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। थानाध्यक्ष सुनील जोशी ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।