फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध खनन में लगे नेपाली मजदूर की दबने से मौत, खनन माफियाओं ने दबाया मामला , डीएम ने दिए जांच के आदेश

विज्ञापन
पिथौरागढ़ कनारी पाभैं क्षेत्र में इस तरह खनन माफिया पहाड़ी से खनन कर रहे हैं। - फोटो : PITHORAGARH
विज्ञापन
पिथौरागढ़। कनारी पाभै क्षेत्र में लंबे समय से खनन माफिया अवैध खनन में सक्रिय हैं। एक दिन पहले स्थानीय एक व्यक्ति ने तीन नेपाली मजदूरों को खनन के कार्य पर लगाया था, लेकिन खनन के दौरान पत्थर गिरने से एक नेपाली मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और दो मजदूर घायल हो गए। एक दिन बाद मामले की जानकारी होने पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने डीएम से शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को मामले की जांच सौंप दी है।
विज्ञापन

डीएम कार्यालय पहुंचे सेवानिवृत्त कैप्टन महादेव भट्ट ने प्रशासन को बताया कि अवैध खनन के कारण एक गरीब नेपाली मजदूर की मौत हो जाती है और शासन-प्रशासन को बिना बताए मजदूर की अंत्येष्टि भी कर दी जाती है। अवैध खनन में जुटे लोगों ने मामले को दबाने के लिए कुछ पैसे देकर नेपाली मजदूर के शव को झूलाघाट भेज दिया। उन्होंने डीएम से कहा कि अगर जन प्रतिनिधियों को इसकी भनक नहीं लगती तो मामला रफा दफा कर दिया जाता। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध खनन को लेकर वो जाजरदेवल थाने और डीएम कार्यालय ज्ञापन दे चुके हैं। इसके बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
आखिर हवाई पट्टी के पास कैसे चल रहा है अवैध खनन
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर नैनीसेनी हवाई पट्टी के पास कनारी पाभै में लंबे समय से खनन माफिया अवैध खनन में जुटे हैं। जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग कई बार इसकी शिकायत शासन-प्रशासन से कर चुके हैं, लेकिन, अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है। अवैध खनन के कारण भारी वाहनों के चलने से सड़क भी पूरी तरह बदहाल हो गई है। प्रशासन अवैध खनन पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।
विज्ञापन

कनारी पाभै की पहाड़ी में आबादी के ऊपरी वाले हिस्से में अवैध खनन का धंधा फल-फूल रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता सेवानिवृत्त कैप्टन महादेव भट्ट ने बताया कि खनन माफिया ने पहाड़ी को काटकर कटोरे का आकार का बना दिया है। भविष्य में इसमें अगर जलभराव होता है तो इससे आबादी वाले क्षेत्र में काफी नुकसान होगा। अवैध खनन के कारण सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। फरवरी 2019 में अवैध खनन के कारण देवत तोक में गिरे बोल्डरों से दो मकान ध्वस्त हो गए थे। इसके बाद इन परिवारों को मुआवजा दे दिया गया। स्थानीय लोग भी खनन माफियाओं का विरोध कर चुके हैं लेकिन उन्हें भी आवाज उठाने पर धमकाया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता महादेव भट्ट का कहना है कि अवैध खनन को लेकर वह कई बार डीएम कार्यालय और जाजर देवल थाने में शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी अवैध खनन को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। भविष्य में अवैध खनन से नैनीसेनी हवाई पट्टी सहित कई अन्य गांवों को खतरा हो सकता है।
पैराग्लाइडिंग का होता है आयोजन
पिथौरागढ़। कनारी पाभै क्षेत्र अपनी खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। यहां पर पैराग्लाइडिंग खेल का कई बार आयोजन हो चुका है। लेकिन खनन माफिया की काली नजर इस पहाड़ी पर पड़ गई है। वो पहाड़ी कुतरकर पत्थर बेचकर धन कमा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की ओर से नेपाली मजदूर के दबने से मौत होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच तहसीलदार को सौंप दी है। अभी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, डीएम पिथौरागढ़।
कनारी पाभै में अवैध खनन के दौरान एक नेपाली मजदूर की मौत की सूचना मिली है। टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। ग्रामीण और मजदूर मामले की जानकारी नहीं होने की बात कह रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
पंकज चंदोला, प्रभारी तहसीलदार पिथौरागढ़।
थाने में किसी ने कोई सूचना नहीं दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस बल के साथ मौके पर गए, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी से बात हुई उनका कहना है कि एक मजदूर घायल हो गया जिसे ले गए। तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
विज्ञापन

-हेम चंद्र तिवारी, थानाध्यक्ष जाजरदेवल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें