कनालीछीना के बंदरलीमा में खाई में गिरी कार। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिले में हुए दो सड़क हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। इनमें दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। तीसरे का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है जबकि चौथे मामूली घायल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
चमाली-डुंगरी रावल सड़क पर रविवार शाम छह बजे एक कमांडर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार ग्राम चमाली निवासी किसान जगत सिंह बेलाल (44) पुत्र प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ग्राम चमाली निवासी उमेश सिंह और भरत सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने पर तहसीलदार पंकज चंदोला राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जवानों ने घायलों को खाई से निकालकर आपातकालीन 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल भरत सिंह रावत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। दूसरे घायल उमेश सिंह का जिला चिकित्सालय में इलाज किया जा रहा है।
दूसरे हादसे में मुनस्यारी से दिल्ली जा रही कार सोमवार दोपहर 12:15 बजे बंदरलीमा के पास गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में आनंद विहार दिल्ली निवासी दो लोग घायल हो गए। कार खाई में गिरने की सूचना स्थानीय लोगों ने कनालीछीना के थाना प्रभारी जावेद हसन को दी। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे जावेद हसन ने स्थानीय लोगों की मदद से आनंद विहार दिल्ली निवासी यश पुत्र अमरेश और गीता राजपूत पुत्री सुमंत राजपूत को खाई से निकाला। पुलिस ने बताया कि यश को हल्की चोटें हैं जबकि गीता को गंभीर चोट आई है। घायलों को 108 की मदद से चिकित्सालय भेजा गया। थाना प्रभारी जावेद हसन ने बताया कि आनंद विहार दिल्ली से एक परिवार दो गाड़ियों से एक विवाह समारोह में शामिल होने मुनस्यारी आया था। विवाह के बाद दिल्ली लौटने के दौरान एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।