महाकाली के किनारे सर्च अभियान चलाती पुलिस टीमें।
- फोटो : PITHORAGARH
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। महाकाली नदी में रविवार को बही पोती का शव पुलिस ने सोमवार को बरामद कर लिया है जबकि लापता दादी की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ का अभियान जारी है।
सीमू गांव निवासी तारा देवी (55) और उसकी पोती लतिका (8) रविवार को महाकाली में डूब गईं थीं। उनकी खोजबीन के लिए ग्रामीणों समेत पुलिस, एसडीआरएफ की टीमेेें एसओ टीएस राणा के नेतृत्व में दो दिनों से जुटीं थीं। सोमवार सुबह 7:45 बजे घटना स्थल से 500 मीटर दूर एसडीआरएफ और पुलिस ने पोती लतिका का शव बरामद किया।
बच्ची का शव देख परिजन बिलखने लगे। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दादी तारा देवी की खोजबीन के लिए विभागीय टीमें नदी से सटे गांव सीमू, बलतड़ी और सप्तड़ी में खोजबीन कर रहीं हैं। रात के समय नदी का जलस्तर बढ़ने और अंधेरा होने के कारण खोजबीन में दिक्कत हो रही है। दो लोगों के नदी में बह जाने से आसपास के गांवों में भी शोक छाया है। कई गांवों के लोग परिजनों को सांत्वना देने आ रहे हैं।