पिथौरागढ़। कोरोना की दूसरी लहर में अपनी और परिवार की जान की परवाह किए बगैर पर्यावरण मित्र कोरोना संक्रमितों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। लोगों ने उनके कार्यों की सराहनी की है।
सीमांत जिले में हर रोज कोरोना से मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। जहां एक ओर कोरोना संक्रमित मृतक का शव लेने से परिवार मना कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर पर्यावरण मित्र राजू, राजेंद्र कुमार, गौरव कुमार, गुलशन रामेश्वर घाट में कोरोना संक्रमितों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस महामारी के काल में प्रत्येक व्यक्ति को मानवता दिखाकर लोगों की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक कोरोना संक्रमित का अच्छे से दाह संस्कार हो जाए इसके लिए प्रयास कर रहे हैं। लोगों ने उनके कार्यों की सराहना की है। ए क्लास कांट्रेक्टर प्रकाश जोशी ने इनसे मुलाकात कर इनका हौसला बढ़ाया और उनको प्रोत्साहन राशि के रूप में पांच हजार रुपये दिए।
पुलिस और राजस्व टीम ने किया कोविड संक्रमित का अंतिम संस्कार
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। मिशन हौसला के तहत गंगोलीहाट पुलिस और राजस्व पुलिस ने कोरोना संक्रमित का अंतिम संस्कार कर मानवता की मिशाल पेश की।
थानाध्यक्ष गंगोलीहाट को ग्रामप्रधान बुसैल ने सूचना दी कि एक 70 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई है जिसे गांव वाले कोरोना संदिग्ध मान रहे थे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गंगोलीहाट ने दूरभाष से बात कर सरकारी अस्पताल गंगोलीहाट को अवगत कर मेडिकल टीम गांव में भिजवाई। रैपिड टेस्ट करने पर मृत व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
थानाध्यक्ष गंगोलीहाट दिनेश बल्लभ मय टीम के राजस्व टीम को अवगत करते हुए मौके पर पहुंचे। पूरे गांव में डर का माहौल था लोगों को समझाया गया।
गांव वालों ने कोरोना संक्रमित मृत व्यक्ति को हाथ लगाने से मना कर दिया। मृतक का पुत्र देहरादून में रहता है। उन्होंने कोरोना नियमों का पालन कर उनका अंतिम संस्कार कराया।