कनालीछीना (पिथौरागढ़)। कनालीछीना में मृत महिला की कोरोना जांच के लिए शव को 17 घंटे तक घर में रोकना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को जांच की। इसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
लमड़ा की मूलवासी और हाल निवासी कनालीछीना देवकी उपाध्याय (75) की रविवार शाम पांच बजे अचानक मृत्यु हो गई। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से महिला की कोरोना जांच कराने की मांग की।
यह प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए शव को 17 घंटे तक घर में रखना पड़ा। सोमवार सुबह पिथौरागढ़ से पहुंची टीम ने जांच की। इसमें महिला संक्रमित मिली। इससे क्षेत्र में डर का माहौल है।
नोडल अधिकारी बालम सिंह बिष्ट ने बताया कि परिजनों ने सोमवार सुबह महिला की मौत की जानकारी दी। इसके बाद उसकी जांच के लिए टीम बुलाई गई।
पुलिस और परिजनों ने कोरोना नियमों के तहत पीपीई किट पहनकर मृतका का अंतिम संस्कार किया। डॉ. आरसी श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को क्षेत्र के आसपास के अन्य लोगों की कोरोना जांच की जाएगी।