डीडीहाट (पिथौरागढ़)। थल-डीडीहाट पंपिंग योजना पिछले 20 दिनों से खराब पड़ी है जिसे अब तक दुरुस्त नहीं किया जा सका है। इस जलसंकट के कारण नगर की छह हजार से अधिक आबादी परेशानी का सामना कर रही है। रामगंगा नदी से जुड़ी इस योजना के दोनों पंपों में खराबी आने से जलापूर्ति ठप है।
जल संस्थान की ओर से पंपों को ठीक करने के लिए बाहर भेजा गया था लेकिन अब तक केवल एक ही पंप सुधर कर वापस आ पाया है जिसके चलते पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। पानी की इस किल्लत से सुभाष वार्ड, जीआईसी वार्ड और शिव मंदिर वार्ड के लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं।
हालात से निपटने के लिए जल संस्थान टैंकरों से जलापूर्ति कर रहा है मगर टैंकर के लंबे इंतजार और वितरण में समय लगने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। त्योहारी सीजन के बीच पानी की भारी कमी से जूझ रहे स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जल संस्थान से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में पानी की कमी से उनको काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। लोग समस्या को शीघ्र दूर किए जाने की मांग कर रहे हैं।
.............
थल स्थित पंपिंग योजना के मुख्य टैंक के पंपों में खराबी आने से समस्या पैदा हुई है। एक पंप ठीक हो गया है और दूसरा पंप भी दिवाली से पहले ठीक हो जाएगा जिसके बाद नगर में पानी की सप्लाई सुचारु हो सकेगी। -
सुरेश चंद्र जोशी, ईई, जल संस्थान, डीडीहाट