पिथौरागढ़। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में सीमांत जिले में फिर से छात्राओं ने परचम लहराया है। मेरिट में स्थान पाने की बात हो या सफलता की दोनों में ही छात्राएं छात्रों से आगे रही हैं। इंटर बोर्ड परीक्षा में 92.07 प्रतिशत छात्राएं और 91.73 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। हाईस्कूल में 95.81 प्रतिशत छात्राएं और 94.12 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं।
इस बार इंटर की बोर्ड परीक्षा में जिले में 2530 छात्र और 2487 छात्र शामिल हुए। इनमें से 2287 छात्र जबकि 2265 छात्राओं ने सफलता हासिल की है। इसी तरह 2540 छात्र और 2472 छात्राओं ने हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दी। इनमें से 2353 छात्रों और 2336 छात्राओं को सफलता मिली है। संवाद
इंटर में 1.81 तो हाईस्कूल में 1.83 प्रतिशत अधिक रहा परीक्षाफल
इस बार सीमांत जिले में बोर्ड परीक्षाफल पिछली बार की अपेक्षा बेहतर रहा है। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2024 में 4609 छात्र-छात्राओं ने इंटर जबकि 5171 ने हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दी। तब इंटर का परीक्षाफल 90.26 प्रतिशत और हाईस्कूल का परीक्षाफल 93.98 प्रतिशत रहा। इस बार इंटर की बोर्ड परीक्षा में 5017 और हाईस्कूल की परीक्षा में 5012 परीक्षार्थी शामिल रहे। इंटर का परीक्षाफल 92.07 और हाईस्कूल का परीक्षाफल 95.81 प्रतिशत रहा है। पिछली बार की अपेक्षा में इस बार इंटर के परीक्षाफल में 1.81 प्रतिशत और हाईस्कूल के परीक्षाफल में 1.83 प्रतिशत का सुधार हुआ है।