लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लॉक के डोबाभागू गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार शाम तड़ीगांव के पास जंगल से सटे क्षेत्र में घात लगाकर बैठे एक तेंदुए ने चारा चुग रही बकरी पर अचानक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भय है।
ग्रामीण जगदीश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार शाम कृष्ण राम की बकरी जंगल के नजदीक चारा चुग रही थी। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। बकरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े और शोर मचाकर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया। इस पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया लेकिन तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद से ग्रामीणों में बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता सताने लगी है। उन्होंने वन विभाग से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा देने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने व तेंदुए की निगरानी के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की जोरदार मांग की है।
मामले में एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम भेजकर लगातार गश्त की जा रही है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील के साथ ही लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।