थल-मुनस्यारी रोड पर रातीगाड़ के पास इस हालत में पहुंची सड़क
- फोटो : अमर उजाला
थल-मुनस्यारी मार्ग पर रातीगाड़ में खतरा बरकरार है। मंगलवार को सुबह मलबा आने से यातायात एक घंटे तक बाधित रहा। लोक निर्माण विभाग ने रातीगाड़ में स्थायी रूप से एक जेसीबी तैनात कर दी है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि कीचड़ में पैदल चलना संभव नहीं हो पा रहा है। वाहन चालक जानजोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
रातीगाड़ में लगातार सड़क धंस रही है। पहाड़ी की तरफ से लगातार मलबा मुख्य सड़क पर आ रहा है और नीचे से रामगंगा सड़क के किनारे को काटती जा रही है। रातीगाड़ में करीब 100 मीटर का हिस्सा भूकटाव की चपेट में आ गया है। लोक निर्माण विभाग को स्थायी समाधान निकालने में लंबा समय लगने वाला है। लोनिवि के जेई योगेंद्र चौबे ने बताया कि सड़क यातायात बाधित न हो इसके लिए प्रबंध किए गए हैं। रात के समय बारिश होने पर मलबा गिरने का खतरा है। मंगलवार को बारिश की रफ्तार कम थी। इस कारण दिन के समय मलबा कम मात्रा में गिरा।
अगले महीने से बंगाली पर्यटन सीजन शुरू होगा। यदि तब तक सड़क की हालत नहीं सुधरी तो मुनस्यारी जाने वाले पर्यटकों के सामने मुसीबत खड़ी हो जाएगी। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि बारिश थमने के बाद सड़क के सुधारीकरण का काम किया जाएगा। फिलहाल वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।