चंडाक में देवदार के पेड़ों को इरादतन सुखाने के मामले में पर्यावरण संरक्षण समिति ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का फैसला लिया है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मामले में अमर उजाला में खबर छपने के बाद सोशल साइट में भी अब कई लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। देश के अन्य शहरों में बसे लोगों का कहना है कि पहाड़ के पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के साथ सख्ती की जाए।
इधर, व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर, सीमांत यूथ मोर्चा के संयोजक सुशील खत्री, छात्रनेता चंद्रमोहन खत्री, नरेंद्र मोहन पंत, प्रकाश जोशी आदि ने कहा कि इस तरह की हरकतों को रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। पर्यावरण संरक्षण समिति की रविवार को हुई बैठक में कहा गया कि डीएम को ज्ञापन देने के बाद मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव को पत्र भेजा जाएगा, यदि सरकार और अफसरों की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण समिति के संयोजक विक्रांत पुनेड़ा ने इस गंभीर मामले में सभी लोगों से आगे आने की अपील की है। समिति सदस्यों ने विधायक मयूख महर से भी इस मुद्दे पर मुलाकात की।