केठी बैंड के पास बिजली के पोल के जंफर बांधने गया लाइनमैन करंट से गंभीर रूप से झुलस गया। यह काम करने से पहले उसने सब स्टेशन से शटडाउन भी लिया था, लेकिन वह काम पूरा नहीं कर पाया था और बिजली की लाइन में करंट आ गया।
एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा और एसडीओ नीरज जोशी ने इस लापरवाही की जांच के आदेश दिए हैं। घायल लाइनमैन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
केठी बैंड के पास बिजली के एक पोल के जंफर टूटने की सूचना मिलने पर लाइनमैन करन सिंह जंफर बांधने के लिए गए थे। उन्होंने सोमवार सुबह ठीक 8.40 बजे शटडाउन लिया था।
वह दो जंफर बांध चुके थे। जैसे ही तीसरा जंफर बांधने की कोशिश करने लगे तो लाइन में बिजली का करंट आ गया और वह पोल पर ही चिपक गए।
लोगों ने उनको पोल पर चिपका हुआ देख लिया और तत्काल बिजली की लाइन को कटवाकर उनको नीचे उतारा गया। करन सिंह के हाथ और पांव झुलस गए हैं।
लाइन की मरम्मत के लिए यदि कोई लाइनमैन शटडाउन लेता है तो जब तक काम पूरा कर वह शटडाउन वापस लेने को नहीं कहता है तब तक शटडाउन वापस नहीं लिया जाता।
एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने इसे गंभीर मामला करार देते हुए कहा है कि इसकी जांच होगी। एसडीओ नीरज पांडे ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी ने जानबूझकर यह हरकत की होगी तो कार्रवाई की जाएगी। लाइनमैन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।