क्षेत्र में पहली बार आयोजित हो रहे महोत्सव में रात को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची है। दिन में लोग स्टॉलों से खूब खरीदारी कर रहे हैं।
सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईटीबीपी के डीआईजी बरेली क्षेत्र आनंद पाल सिंह निंबाडिया और विशिष्ट अतिथि सेनानी अनुप्रीत टी बोरकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पालिकाध्यक्ष कमला चुफाल ने अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। डीआईजी निंबाडिया ने कहा कि पहाड़ की संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे महोत्सव का समय-समय पर आयोजन जरूरी है। उन्होंने वाहिनी की ओर से हर संभव सहायता देने और रविवार को स्थानीय बच्चों को शिलारोहण कराने का भरोसा दिलाया।
आमंत्रित कलाकार देहरादून की मीना राणा ने ‘धन मेरो पहाड़, मायालो पहाड़’, रोहित चौहान ने ‘हिरका चेली पौड़ी की’, ‘पौड़ी की बाजार’, चंद्रप्रकाश ने ‘मैं जांछू कमला, गोरी गंगा पार’ गीतों से धमाल मचा दिया। कैलाश कुमार ने सूफियाने अंदाज में खूब वाहवाही लूटी। पहाड़ी दगड़िया सांस्कृतिक कला मंच देहरादून ने ‘रंगीलो जोहार मा, मेरो मुन्सयार मा’, डीडीहाट डांस ग्रुप ने नेपाली गीत पर बेहतरीन नृत्य पेश किया। विद्यालयी स्तर पर एशियन एकेडमी, शिखर इंटर कालेज, राइंका, मलयनाथ हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रस्तुति से समा बांध दिया। दर्शक कड़ाके की ठंड के बावजूद देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाते रहे। संचालन सीबीएस कन्याल, विभू कृष्णा, संजू पंत, सौरभ साह ने किया।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, दीपक चुफाल, हरेंद्र चुफाल, कवींद साही, दीपक कन्याल, नईम बख्श, अमृता नित्वाल, दमयंती देवी, भूपेश जंगपांगी, दीवान साही, ई. एनएस टोलिया, व्यापार संघ अध्यक्ष गोविंद लाल साह, ओपी वर्मा, हरीश चुफाल, भूपेश टम्टा, किशोर साह आदि मौजूद रहे।
डीडीहाट महोत्सव में सांस्कृति कार्यक्रम पेश करते कलाकार।- फोटो : PITHORAGARH