जिला अस्पताल में सर्जन के कक्ष के बाहर लाइन में लगे मरीज। संवाद
पिथौरागढ़। जिला असपताल के सर्जरी विभाग के बाहर मरीजों की भीड़ उमड़ी। मरीजों को इलाज कराने के लिए घंटो लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में दो सर्जन हैं। एक सर्जन डॉ. सौरभ पांगती पिछले कुछ दिनों से अवकाश पर है। दूसरे सर्जन डॉ. मुकेश कुटियाल के कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लग रही है। एकमात्र सर्जन को ओपीडी के साथ सर्जरी की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है। जिला अस्पताल में तीन सर्जन के पद स्वीकृत होने के बाद भी दो ही सर्जन तैनात है। ऐसे में एक चिकित्सक के अवकाश पर जाने से मरीजों के साथ दूसरे चिकित्सक को भी काफी परेशानी हो रही है।
एक ही चिकित्सक पर सभी तरह की जिम्मेदारी आ गई है। सर्जरी विभाग में आमतौर पर रोजाना 70 से अधिक ओपीडी होती हैं। इसके साथ ही रोजाना लगभग पांच से सात सर्जरी भी होती हैं। जिला अस्पताल में एक और सर्जन की तैनाती होने से मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य की सुविधा मिलेगी। पीएमएस डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि डॉ. सौंरभ पांगती दो या तीन दिन के बाद अवकाश से लौटेंगे। वह नियमित मरीजों की जांच करेंगे। संवाद