चंपावत। मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन कक्ष में रही, जहां करीब 200 मरीज इलाज कराने पहुंचे।
अस्पताल में प्रतिदिन करीब 450 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इस सप्ताह के पहले दिन मरीजों की संख्या बढ़कर 500 से अधिक रही। फिजिशियन कक्ष में मरीजों को जांच कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। फिजिशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि इन दिनों बुखार, सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण, खांसी और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि सभी मरीजों को इलाज के साथ-साथ मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने लोगों से खानपान का ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।