नेपाल सीमा पर कांबिंग करते एसएसबी के जवान
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि अवैध रास्तों से महाकाली को पार करते हुए कोई पकड़ा गया तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसबी ने रबर ट्यूब के सहारे नदी पार करने पर भी सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। एसएसबी 55वीं वाहिनी की ई कंपनी ने नेपाल सीमा पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। एसएसबी की महिला कंपनी ने झूलाघाट से च्योड़ीगाड़ होते हुए गिठीगाड़ा तक और पुरुष कंपनी ने कानड़ी, सीमू तक कांबिंग की। इनका नेतृत्व एएसआई दीपक रावत और केसी पाठक ने किया।
एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि नेपाल सीमा पर अब सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। वैध रास्तों पर जहां झूलापुल हैं वहां पर एसएसबी हर आने-जाने वाले की चेकिंग करेगी। नेपाल के चरस तस्करी, संदिग्धों की आवाजाही की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कांबिंग में अनुराधा, सायरा बानू, जयन अली, नरोद बासुमति, राजवीर यादव आदि थे।
उपनिरीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर यह कांबिंग की गई। अब रात के समय भी महाकाली के किनारे गश्त की जा रही है। इस समय महाकाली का जलस्तर काफी कम हो जाता है। इस कारण अवैध रास्तों से भी नदी पार करने की आशंका बनी रहती है।