डीडीहाट से बेड़ीनाग लौट रहे एसडीएम प्रमोद कुमार की कार यहां से तीन किलोमीटर दूर देवीनगर के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में घायल एसडीएम के सिर में दो टांके लगे हैं। एसडीएम के साथ उनके भाई आनंद कुमार और चालक बालम सिंह भी घायल हुए हैं। एसडीएम के मुताबिक हादसा कार में तकनीकी खामी की वजह से हुआ। बता दें कि एसडीएम प्रमोद कुमार के पास इस समय बेड़ीनाग के साथ-साथ गंगोलीहाट और डीडीहाट के एसडीएम का भी चार्ज है और वह बुधवार को सरकारी काम से डीडीहाट गए थे। लौटते समय उन्होंने थल में मीटिंग ली। जब वह बेड़ीनाग को आ रहे थे तो देवीनगर के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डा. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया कि ड्राइवर बालम सिंह की दांयी आंख में चोट है। उनके भाई आनंद कुमार को हल्की चोट है। डॉक्टर के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति सामान्य है।