भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में एक छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई
है। सूचना मिलने पर एसडीएम ने राजस्व दल मौके के लिए रवाना कर दिए हैं।
मल्ला
खुमती निवासी नीतू (15) पुत्री भीम राम बुधवार सुबह 10 बजे घर से कहीं जा
रही थी कि तल्ला खुमती और मल्ला खुमती के बीच पहाड़ से हुए भूस्खलन का मलबा
उसके ऊपर आ गिरा। नीतू की मौके पर ही मौत हो गई। नीतू जीआईसी खुमती में
कक्षा नौ में पढ़ती थी। खुमती की प्रधान विमला देवी ने आपदा प्रबंधन केंद्र
को हादसे की जानकारी दी। एसडीएम परितोष वर्मा ने राजस्व निरीक्षक हुकुम
सिंह धामी को धारचूला से 14 किमी दूर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है।
एसडीएम ने कहा कि पंचनामे के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। किशोरी
के परिजनों के आग्रह पर प्रशासन ने पोस्टमार्टम नहीं किया गया।
उधर,
सोबला-सेला मोटर मार्ग में बुधवार को सोबला में सड़क में काम चल रहा है।
सुबह करीब 11 बजे पहाड़ से बोल्डर की चपेट में आने से मजदूर मंगल सिंह (32)
पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी सिराड़ी चितई (अल्मोड़ा) की मौके पर ही मौत हो
गई। मजदूर एक बड़े बोल्डर के नीचे दब गया था। एसडीएम परितोष वर्मा ने
बताया कि राजस्व दल मौके पर पहुंच गया है। पंचनामा भरने के बाद शव को
पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा जाएगा। एक ही दिन में दो हादसों में
दो लोगों की मौत से सीमांत क्षेत्र में गम का माहौल है।