बुंगाछीना कस्बे में एक चाय की दुकान के पीछे बने गोदाम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के 51 बोरे चावल बरामद हुए है। इनका वजन 25.5 क्विंटल है। सभी बोरों में भारतीय खाद्य गोदाम की सील लगी है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के इस राशन को सिर्फ सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से ही वितरित किया जाता है, लेकिन एक चाय की दुकान में चावल के इतने ज्यादा बोरे मिलने से अधिकारी हैरत में हैं। प्रशासन ने चाय की दुकान के पीछे बने गोदाम को सीज कर दिया है और दुकान मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर दिया है।
एसडीएम जयभारत सिंह ने बताया कि बुंगाछीना में एक चाय की दुकान के पीछे बने गोदाम में सरकारी कोटे का राशन डंप मिलने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर दुकान में छापा मारा गया। छापे के समय खाद्य निरीक्षक और राजस्व विभाग की टीम भी थी। बुंगाछीना में चाय की दुकान के पीछे बने गोदाम में चावल के बोरे रखे गए थे। एसडीएम ने बताया कि इन बोरों में भारतीय खाद्य गोदाम की सील लगी है। उन्होंने चाय की दुकान चलाने वाले हरीश सिंह के खिलाफ मुकदमा चलाने के आदेश दिए हैं। साथ ही गोदाम सीज कर दिया गया है। दुकान स्वामी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाद में यह चावल खाद्य विभाग को सौंप दिया गया। एसडीएम ने बताया कि बुंगाछीना में आसपास कहीं पर भी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान नहीं है। ऐसे में यह संदेह होता है कि यह चावल खाद्य विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलीभगत से ही यहां पहुंचा होगा। उधर, पिथौरागढ़ में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन ने बताया कि अभी उनके पास इसकी पूरी रिपोर्ट नहीं आई है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह सरकारी कोटे का चावल है या नहीं।