चरस के साथ पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
- फोटो : अमर उजाला
मुवानी कस्बे में कारपेंटर का काम करने वाला एक व्यक्ति बुधवार सुबह 300 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर एसओजी की टीम ने उसकी दुकान में छापा मारा। चरस घी के डिब्बे में छिपाकर रखी गई थी। वहीं, मुवानी के व्यापारियों का कहना है कि कारपेंटर को साजिशन फंसाया गया है।
सीओ हिमांशु साह ने बताया कि मूल रूप से बरेली के मुड़वा खड़ारामपुर निवासी मो. यासीन पिछले दस साल से मुवानी में कारपेंटर का काम करता है। बुधवार सुबह जब उसकी दुकान में चेकिंग की गई तो घी के डिब्बे में छिपाकर रखी गई चरस बरामद हुई। एसओजी टीम के हरीश मेहरा, यशपाल मेहता, अनिल मर्तोलिया, थल के थाना प्रभारी केसी आर्या ने यह छापामारी की। उन्होंने बताया कि यासीन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, यासीन की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही मुवानी के कई व्यापारी थाने पहुंच गए।
उनका कहना है कि यासीन को गलत ढंग से फंसाया गया है। किसी व्यक्ति ने साजिशन घी के डिब्बे में चरस रखकर उसकी दुकान में छोड़ दिया था। उन्होंने सीओ से इस मामले की गहराई से छानबीन करने की मांग की। व्यापार संघ अध्यक्ष संजय वर्मा, कमलदीप बिष्ट, रमेश बम, राम सिंह राठौर, त्रिभुवन पाल, सोबन कार्की आदि ने कहा कि बिना जांच के मुकदमा दर्ज न किया जाए।