महेंद्रनगर (नेपाल)। धनगड़ी से नेपालगंज की ओर जा रही एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो बैंक अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह बैंक कर्मी घायल हुए। घायलों को कोहलपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
प्रहरी कार्यालय बांसगढी के प्रमुख रवी अस्लामी ने बताया कि शुक्रवार रात ग्लोबल आईएमई बैंक धनगड़ी की जीप स्टाफ को लेकर नेपालगंज की ओर जा रही थी। इस बीच जीप का पिछला टायर निकल गया। इससे वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे टिकट काउंटर पर जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप सवार म्याग्दी निवासी राम बहादुर हमाल (42), कंचनपुर निवासी भुवन पंत (32) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। बैंक की जीप एक बैठक के सिलसिले में कार्मिकों को लेकर नेेपालगंज जा रही थी।