बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। विकास खंड के चौड़मन्या क्षेत्र के सिमायल गांव से शनिवार को गंगोलीहाट के रावल गांव गई बरात में गए एक युवक का शव खाई में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
गोविंद सिंह रावल (29) पुत्र जगत सिंह रावल शनिवार को रावलगांव बरात में गया था। देर शाम बरात वापस आने के बाद गोविंद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। उसका शव देर रात सिमायल के पास करीब 60 मीटर गहरी खाई में मिला। ग्रामीणों ने मृतक गोविंद के हल्द्वानी में रहने वाले बड़े भाई त्रिलोक सिंह को सूचना दी। त्रिलोक सिंह गांव पहुंचे और राजस्व पुलिस को मामले की सूचना दी।
राजस्व उप निरीक्षक मोहित चंद टीम के साथ गांव पहुंचे और पंचनामा भरने के बाद शव को खाई से निकाला। साथ ही ग्रामीणों और बरातियों से पूछताछ की। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। राजस्व टीम में मोहित चंद्र, दीपक कुमार, वीरेंद्र बोरा, शिवेंद्र कुमार, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।