धारचूला (पिथौरागढ़)। कीड़ाजड़ी (यारसागंबू) निकालने गए किशोर की पत्थर लगने से मौत हो गई है। वह अपने डेरे पर लौट रहा था, तभी बड़ा पत्थर उसे लगा और वह खाई में गिर गया।
मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर उच्च हिमालयी क्षेत्र छिपलाकोट के बुग्याल में कीड़ाजड़ी निकालने गया दिवाकर बोरा (15) पुत्र टीका सिंह उर्फ मदन बुधवार शाम अपने डेरे को वापस आ रहा था। तभी रास्ते पर ऊपर से गिरा बड़ा पत्थर सीधे दिवाकर को जा लगा। गर्दन में पत्थर लगने से दिवागर गहरी खाई में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की जानकारी लगने पर आसपास के युवकों ने शव को खाई से निकाला और परिजनों को सूचना दी। दिवाकर का एक छोटा भाई हैं तथा मां-बाप बेहद गरीब हैं। क्षेत्र के पूर्व जिपं सदस्य भूपेंद्र थापा और सामाजिक कार्यकर्ता जीवन ठाकुर ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
बता दें कि इन दिनों छिपलाकोट के बुग्यालों में सैकड़ों लोग कीड़ाजड़ी खोदने गए है। इसके जरिये ये लोग घरेलू खर्च वहन करते हैं। करीब एक हफ्ते पहले भकार में दम घुटने से खुम्ती गांव में हुई तीन बच्चों की मौत के वक्त भी उनके माता-पिता कीड़ाजड़ी खोदने गए थे।