झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल के बैतड़ी जिले के त्रिपुरासुंदरी क्षेत्र से एक 17 वर्षीय किशोरी को भगाकर ले जा रहे तीन युवकों को झूलाघाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला मुख्यालय से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग की टीम झूलाघाट पहुंच गई है। पकड़े गए युवकों में दो जम्मू-कश्मीर के हैं, जबकि बिचौलिया बना नेपाली युवक भी पकड़ा गया है।
झूलाघाट थाना पुलिस की टीम बुधवार को उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार और हेम चंद्र माहरा के नेतृत्व में पिथौरागढ़ मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी उन्होंने संदेह होने पर तीन युवकों और एक किशोरी को पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि नेपाल के दार्चुला जिला अंतर्गत जलाली निवासी राजू पार्की इस समय जम्मू-कश्मीर में निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसने जम्मू-कश्मीर के सांभा सरोवर अड्डा निवासी साहिल कुमार और बंटी को नेपाल के बैतड़ी जिला पहुंचाया। नेपाल का युवक किशोरी को झांसे में लेकर शादी के बहाने अपने साथ ले आया।
बताया गया कि नेपाली युवक और किशोरी के बीच टेलीफोन से लगातार बातचीत होती रहती थी, लेकिन साथ में कश्मीर के युवकों को लाने से संदेह और ज्यादा बढ़ गया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के प्रभारी बृजमोहन बहुगुणा और उप निरीक्षक प्रेमा कोरंगा ने पकड़े गए चारों लोगों से पूछताछ की। बताया गया कि पकड़े गए युवकों में सिर्फ साहिल कुमार के पास ही आधारकार्ड मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का यही कहना है कि तीनों युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर गलत धंधे में झोंकने की तैयारी में थे।