धारचूला (पिथौरागढ़)। तीजम में महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ की अदालत में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में गैंग का सरगना भी शामिल है। इस मामले में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
12 दिसंबर को तीजम गांव में छह अज्ञात लोगों ने शांति देवी पत्नी सुंदर सिंह के घर में घुसकर हथियारों की नोंक पर लूटपाट की थी। महिला ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि उसे खुकरी के बल पर बंधक बनाकर रुपये, जेवरात, जड़ी-बूटी लूट ले गए। इस मामले में पुलिस ने 16 दिसंबर को गैंग सरगना महाजीत थापा उर्फ आविष्कार (29), खेम बहादुर और नवीन कठैत तीनों निवासी ग्राम पतल झरना वार्ड नंबर 3 थाना जारकोट जिला कालीकोट अंचल करनाली नेपाल को तीजम के जंगल से गिरफ्तार किया था।
इनके कब्जे से लूटे गए 20,000 रुपये, 400 ग्राम यारसागंबू, 500 ग्राम अन्य जड़ीबूटी और घटना में प्रयुक्त खुकरी बरामद की थी। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि तीन आरोपी मनी राम कठायत, मनोज कठायत, पर्वराज निवासी कालीकोट फरार चल रहे हैं। इनकी धरपकड़ की कोशिश की जा रही है।